मंगलवार, 21 अप्रैल 2026
KalameRajasthan

ओवरलोड ट्रकों पर बढ़े टोल को लेकर बवाल: टोल प्लाजा पर ड्राइवरों का हमला, 5 गिरफ्तार

Apr 13, 2026 Super Admin 24
शेयर:
ओवरलोड ट्रकों पर बढ़े टोल को लेकर बवाल: टोल प्लाजा पर ड्राइवरों का हमला, 5 गिरफ्तार

बीकानेर-पंजाब नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह हरियासर टोल प्लाजा अचानक रणक्षेत्र में बदल गया, जब ओवरलोड ट्रकों को लेकर पहुंचे ड्राइवरों और टोल कर्मचारियों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बढ़े हुए टोल शुल्क की मांग से नाराज ड्राइवर और उनके साथी ट्रकों से उतरकर लाठी-सरियों के साथ कर्मचारियों पर टूट पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर खुलेआम मारपीट और तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे लेन नंबर 1 में ओवरलोड ट्रक लेकर पहुंचे युवकों का टोल शुल्क को लेकर कर्मचारियों से विवाद हुआ। देखते ही देखते गाली-गलौज मारपीट में बदल गई। हमलावरों ने न केवल टोल स्टाफ को निशाना बनाया, बल्कि वहां खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की और आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान एक और ट्रक मौके पर पहुंचा, जिसमें सवार लोग भी झगड़े में शामिल हो गए।

हमले में टोल प्लाजा के कई कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।

लूणकरनसर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ओवरलोड ट्रकों से ज्यादा टोल शुल्क मांगने पर यह विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में हिंसा में बदल गया। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हमसे जुड़ें

शेयर करें:

संबंधित ख़बरें